भीनमाल चार्ज क्षेत्र में जनगणना कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण
भीनमाल ग्रामीण चार्ज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 47 राजस्व गांवों में जनगणना कार्य निर्धारित समयावधि में सफलतापूर्वक शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए क्षेत्र को 205 जनगणना ब्लॉकों में विभाजित किया गया था, जहां 203 प्रगणकों के माध्यम से जनगणना का कार्य संपादित कराया गया।
जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन, पर्यवेक्षण और मॉनिटरिंग के लिए 34 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए थे। 16 मई से प्रारंभ हुए इस व्यापक अभियान को 9 जून को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया।
निर्धारित समय सीमा में कार्य को पूरा करने के लिए प्रत्येक स्तर पर नियमित समीक्षा, प्रभावी मॉनिटरिंग और प्रशासनिक समन्वय सुनिश्चित किया गया। जनगणना कार्य की सतत निगरानी एवं मार्गदर्शन उपखंड अधिकारी श्री मोहित कासनिया (आईएएस), तहसीलदार श्री भीखदान चारण तथा नायब तहसीलदार श्री मीठाराम जोशी द्वारा किया गया।
प्रशासनिक समन्वय एवं निरंतर मॉनिटरिंग में श्री मुकेश कुमार चौधरी और श्री जगदीश कुमार विश्नोई का विशेष योगदान रहा। वहीं कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं आवश्यक प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन में श्री कृष्ण कुमार चौधरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जनप्रतिनिधियों के साथ सतत संवाद स्थापित करने तथा जनगणना कार्य के प्रति सहयोग और समन्वय सुनिश्चित करने में श्री राणा राम चौधरी का योगदान उल्लेखनीय रहा।
चार्ज जनगणना अधिकारी भीनमाल ग्रामीण ने बताया कि सभी अधिकारियों, सुपरवाइजरों, प्रगणकों एवं सहयोगी कार्मिकों ने टीम भावना, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। इसी का परिणाम है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा सका।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रशासनिक दक्षता, उत्कृष्ट समन्वय और सभी कार्मिकों की प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो भविष्य में भी जनहित के कार्यों के लिए प्रेरणादायी साबित होगी।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




