भीनमाल में नौतपा के बीच अग्नि स्नान तपस्या बनी आस्था का केंद्र
जालोर जिले के भीनमाल स्थित महाकालेश्वर धाम में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच साध्वी और दो साधुओं द्वारा की जा रही अग्नि स्नान तपस्या इन दिनों श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। करीब 42 डिग्री सेल्सियस तापमान में चल रही यह विशेष साधना विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं अच्छी बारिश की कामना को समर्पित है।
जानकारी के अनुसार क्षेमंकरी माताजी मंदिर की तलहटी के समीप स्थित महाकालेश्वर धाम में साधु नवीनगिरी महाराज, साध्वी राधागिरी एवं गोविंदगिरी महाराज द्वारा 11 दिवसीय अग्नि स्नान तपस्या की जा रही है। यह धार्मिक अनुष्ठान 25 मई से प्रारंभ हुआ है, जो लगातार 11 दिनों तक जारी रहेगा।
प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीनों साधक अग्नि के मध्य बैठकर ध्यान, जप और साधना कर रहे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद उनकी यह कठिन तपस्या श्रद्धालुओं में विशेष आस्था और श्रद्धा का विषय बनी हुई है।
साधु नवीनगिरी महाराज ने बताया कि वे पिछले छह वर्षों से विश्व शांति, जनकल्याण एवं अच्छी वर्षा की कामना को लेकर यह तपस्या कर रहे हैं। इस वर्ष पहली बार साध्वी राधागिरी और गुरु भाई गोविंदगिरी महाराज भी इस विशेष अनुष्ठान में सहभागी बने हैं।
तपस्या के दौरान साधना स्थल के चारों ओर लकड़ियों और उपलों से अग्नि प्रज्वलित की जाती है। अग्नि की लपटों के बीच साधक ध्यान मुद्रा में बैठकर आध्यात्मिक साधना करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस प्रकार की तपस्या आत्मसंयम, आत्मिक शुद्धि एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक मानी जाती है।
नौतपा की तपती दोपहर में आयोजित इस अनूठी साधना को देखने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालु महाकालेश्वर धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आश्रम समिति द्वारा पेयजल, विश्राम एवं छाया की विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




