राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में 19 जून 2026 को ग्राम पंचायत भींचावा, तहसील मकराना में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 22 सरकारी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी दफ्तर के चक्कर लगाए मौके पर ही उपलब्ध कराना था। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। शिविर में राजस्व विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का भी निस्तारण किया गया।
शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी मकराना अंशुल सिंह बेनीवाल, तहसीलदार कृष्णा शर्मा, नायब तहसीलदार महेंद्र मुवाल सहित राजस्व विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। पटवारी दौलत सिंह राठौड़ (भींचावा), अरुण कुमार शर्मा (चांडी) और अशोक बाजिया (सफेड़बड़ी) की उपस्थिति में राजस्व ग्राम भींचावा के खसरा नंबर 132 एवं 129 में खातेदारों की आपसी सहमति से बंटवारे की प्रक्रिया पूरी की गई।
सहमति के आधार पर किए गए इस बंटवारे का प्रस्ताव मौके पर ही तैयार कर संबंधित खातेदारों को सौंपा गया। इससे ग्रामीणों को लंबे समय से लंबित भूमि विवाद से राहत मिली और प्रशासनिक प्रक्रिया का त्वरित समाधान संभव हो सका।
इस सफल आयोजन से ग्रामीणों में संतोष देखा गया और सभी खातेदारों ने राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के शिविरों से उन्हें समय पर न्याय और सुविधाएं मिल रही हैं, जिससे सरकारी दफ्तरों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आगे भी इसी प्रकार त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किए जाएंगे ताकि ग्रामीणों को अधिकतम लाभ मिल सके।




