मांगरोल तहसील क्षेत्र के ग्राम भटवाड़ा स्थित प्रसिद्ध मोड्या गणेश मंदिर में शनिवार देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में रखी दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें जमा श्रद्धालुओं की नकद राशि पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता रविवार सुबह उस समय चला जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
मंदिर के पुजारी ललित शर्मा ने बताया कि सुबह मंदिर पहुंचने पर एक दानपेटी का ताला टूटा हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर दानपेटी की जांच की गई तो उसमें रखी पूरी नकद राशि गायब मिली। इसके बाद मंदिर समिति के सदस्यों को सूचना दी गई और मांगरोल पुलिस थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
जानकारी के अनुसार मंदिर चारों ओर से खुला हुआ है तथा केवल गर्भगृह के मुख्य द्वार पर ही ताला लगाया जाता है। रात के समय मंदिर परिसर में कोई सुरक्षा कर्मी या व्यक्ति नहीं रुकता, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के दोनों ओर दानपेटियां रखी हुई थीं। इनमें से एक दानपेटी का ताला तोड़कर चोरी की गई, जबकि दूसरी दानपेटी सुरक्षित मिली।
मंदिर समिति ने दूसरी दानपेटी में रखी राशि की सुरक्षा को देखते हुए सदस्यों की मौजूदगी में उसे खोला। गिनती के दौरान उसमें करीब 26 हजार रुपये नकद मिले। समिति ने आशंका जताई कि यदि समय रहते दूसरी दानपेटी नहीं खोली जाती तो उसमें भी चोरी की संभावना बनी रहती।
घटना की सूचना मिलते ही मांगरोल पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ चोरी करने वाले आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
उल्लेखनीय है कि भटवाड़ा का मोड्या गणेश मंदिर हाड़ौती क्षेत्र के साथ-साथ मध्यप्रदेश के सीमावर्ती गांवों में भी गहरी आस्था का केंद्र माना जाता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए दान अर्पित करते हैं। मंदिर में हुई चोरी की इस घटना से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में नाराजगी का माहौल है। लोगों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।




