भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर विरोध में कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की मांग
बिहार के चर्चित भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर प्रकरण के विरोध में बूंदी में सर्व ब्राह्मण महासभा युवा शाखा के तत्वावधान में कैंडल मार्च एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर, बूंदी को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
युवा जिलाध्यक्ष विकास सनाढ्य एवं नगर अध्यक्ष केशव त्रिवेदी ने बताया कि अहिंसा सर्किल पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में समाज के लोगों, युवाओं एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया और दिवंगत भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा विशेष आमंत्रित सदस्य भरत शर्मा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि एनकाउंटर का आदेश देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच हो तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
शहर अध्यक्ष अशोक सेकेट्री एवं अजय त्यागी ने बताया कि श्रद्धांजलि सभा के बाद अहिंसा सर्किल से जिला कलेक्ट्रेट तक कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने "हत्यारों को फांसी दो", "एनकाउंटर नहीं, यह साजिश है" और "भरत तिवारी की मां को न्याय दो" जैसे नारे लगाए। इसके बाद अतिरिक्त जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में भरत भूषण तिवारी प्रकरण की निष्पक्ष जांच, कथित दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई।
कार्यक्रम के दौरान मनीष गौतम एवं घनश्याम दुबे ने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील भी की।
कार्यक्रम का संचालन विशाल क्रांतिकारी ने किया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। अंत में भरत भूषण तिवारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर कार्यक्रम का समापन किया गया।




