भाणपुरिया में पांच लाख का टीन शेड पहली बारिश से पहले ढहा
बकानी क्षेत्र की थोबड़िया ग्राम पंचायत के भाणपुरिया गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां विधायक कोष से स्वीकृत लगभग 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित टीन शेड घटिया निर्माण कार्य के आरोपों के बीच बरसात से पहले ही धराशायी हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि टीन शेड के नीचे किसी कार्यक्रम का आयोजन चल रहा होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते शेड गिर जाने से जनहानि टल गई, लेकिन इस घटना ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण शेड अधिक समय तक टिक नहीं सका।
मामले को लेकर जब बकानी पंचायत समिति के विकास अधिकारी प्रभुलाल वर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं, क्षेत्रीय विधायक सुरेश गुर्जर ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच करवाई जाएगी तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार निर्माण कार्य में निर्धारित संख्या से कम पाइप लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इसी कारण शेड के मध्य भाग में पानी भराव की स्थिति बनी और संरचना कमजोर होकर ढह गई। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि होना अभी शेष है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




