रानीवाड़ा क्षेत्र में मानवता और सेवा भाव की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। ग्राम विकास अधिकारी संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष भाना राम बोहरा ने एक अनजान यात्री की जान बचाने के लिए पूरी रात उसके साथ रहकर ऐसा कार्य किया, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार 53 वर्षीय प्रदीप शर्मा ट्रेन में सफर कर रहे थे, तभी रानीवाड़ा के पास उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्थिति गंभीर होने की सूचना मिलने पर भाना राम बोहरा तुरंत रेलवे स्टेशन पहुंचे और स्वयंसेवकों के सहयोग से बीमार यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई।
प्राथमिक उपचार के बाद मरीज की हालत को देखते हुए उसे भीनमाल अस्पताल ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों की सलाह पर जोधपुर स्थित मेडिपल्स अस्पताल रेफर किया गया। भाना राम बोहरा ने केवल व्यवस्था करवाने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि वे स्वयं मरीज के साथ जोधपुर तक गए और पूरे उपचार के दौरान उसके साथ बने रहे।
बताया गया कि करीब आठ घंटे तक उन्होंने मरीज की देखभाल की और उसके परिजनों के अस्पताल पहुंचने तक हर आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई। उनकी तत्परता और सेवा भाव के कारण समय पर इलाज मिल सका और प्रदीप शर्मा की जान बच गई। वर्तमान में प्रदीप शर्मा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस मानवीय कार्य के लिए प्रदीप शर्मा के परिजनों ने भाना राम बोहरा और सहयोगी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने भी उनके सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में ऐसे उदाहरण समाज को मानवता और परोपकार का संदेश देते हैं।
भाना राम बोहरा की इस पहल ने साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में किसी जरूरतमंद के साथ खड़ा होना ही सच्ची इंसानियत है। उनके इस कार्य की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




