भागवत कथा के शुभारंभ पर हजारों महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा
सनातन संस्कृति और सामाजिक समरसता का दिया संदेश
सनातन संस्कृति की आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव को समर्पित बगरू विधायक डॉ. कैलाश वर्मा के जन्मदिवस कार्यक्रम "सेवा संकल्प समारोह" का शुभारंभ बुधवार को भव्य एवं श्रद्धामयी वातावरण में हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर श्री बालाजी मंदिर, निमेड़ा से श्री श्याम गौशाला तक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा में महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर धर्मध्वजा और भक्ति गीतों के साथ सहभागिता निभाई। यात्रा मार्ग श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण से सराबोर रहा। मातृशक्ति की अभूतपूर्व उपस्थिति ने सनातन संस्कृति के प्रति समाज की आस्था और समर्पण को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर बगरू विधायक डॉ. कैलाश वर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि मानव जीवन को धर्म, सेवा, संस्कार और समरसता के सूत्र में पिरोने वाली दिव्य जीवन-पद्धति है। धार्मिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि सिर पर कलश धारण कर धर्मध्वजा के साथ इस पावन आयोजन में शामिल होने वाली माताओं और बहनों की श्रद्धा, सनातन संस्कृति की जीवंत शक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने समस्त मातृशक्ति, गौसेवकों और आयोजन से जुड़े श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए कथावाचक साध्वी बहन श्री श्री सुभद्रा दीदी का स्वागत और सम्मान किया।
डॉ. वर्मा ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समाज को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा और सेवा संकल्प समारोह का यह पावन आयोजन क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करे।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के हवामहल विधायक संत श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गौसेवक, धर्मप्रेमी नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा।




