भगवानपुरा में जल निकासी पाइप विवाद से सड़क निर्माण कार्य अधूरा, ग्रामीणों ने समाधान की उठाई मांग
बोहत कस्बे की ग्राम पंचायत के ग्राम भगवानपुरा में पीडब्ल्यूडी के माध्यम से मुख्य मार्ग पर करीब 100 फीट लंबी सीसी सड़क का निर्माण कराया गया है, लेकिन दो पक्षों के बीच विवाद के चलते बरसाती पानी की निकासी के लिए डाले जाने वाला पाइप अब तक नहीं लगाया जा सका है। बरसात का मौसम नजदीक होने के बावजूद पाइप नहीं डलने से सड़क निर्माण अधूरा पड़ा है और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के मुख्य प्रवेश मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो सकती है। इससे आवागमन भी बाधित होने की आशंका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द हस्तक्षेप कर पाइप डलवाया जाए और सड़क निर्माण कार्य पूरा कराया जाए।
ग्राम पंचायत प्रशासक एवं सरपंच बाबूलाल ने बताया कि विवादित स्थान का पटवारी से मौका निरीक्षण करवाकर तहसीलदार को रिपोर्ट भेजी गई है। उन्होंने बताया कि एक पक्ष सड़क के नीचे जल निकासी पाइप डालने के पक्ष में है, जबकि दूसरा पक्ष इसके लिए सहमत नहीं है। इसी विवाद के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है।
वहीं पीडब्ल्यूडी के कनिष्ठ अभियंता संजीव कुमार सैनी ने बताया कि पूर्व में पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में संबंधित पक्ष पाइप डालने के लिए सहमत हो गया था, लेकिन कार्य शुरू होते ही वह अपने निर्णय से पीछे हट गया। इसके बाद मामले की पुनः शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले विवाद का समाधान कर जल निकासी पाइप डलवाया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके और भविष्य में जलभराव की समस्या से बचा जा सके।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए




