17 साल की बेटी ने परिवार का झगड़ा रोकने की कोशिश की, पिता पर लकड़ी के खूंटे से हमला करने का आरोप
भदोही: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। परिवार में चल रहे विवाद के दौरान 17 साल की एक लड़की की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में लड़की के पिता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि परिवार के झगड़े के दौरान गुस्से में पिता ने बेटी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
झगड़ा रोकने पहुंची थी बेटी
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय पिता और उनकी बहन यानी लड़की की बुआ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान 17 साल की बेटी दोनों को शांत कराने पहुंची। उसने अपने पिता से सिर्फ इतना कहा कि लड़ाई बंद कर दें, लेकिन आरोप है कि गुस्से में पिता ने पहले बेटी को धक्का दिया और फिर मवेशियों को बांधने वाले लकड़ी के खूंटे से उसके सिर पर वार कर दिया।
इलाज के दौरान हुई मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल लड़की को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पिता गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच के अनुसार, पूरे विवाद की शुरुआत गोबर के उपले बेचने को लेकर हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है




