भक्ति और उत्साह के बीच बरवास में हुआ श्री गणेशजी महाराज मूर्ति स्थापना महोत्सव
टोडारायसिंह उपखंड के ग्राम बरवास में शनिवार को श्री गणेशजी महाराज की मूर्ति स्थापना महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। संत श्री राम प्रिया दास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में आसपास के गांवों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे गांव में भक्ति का माहौल देखने को मिला और जयकारों, भजन-कीर्तन तथा धार्मिक गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य योगेश कुमार शास्त्री के सानिध्य में पंचरंगी धर्म ध्वजा के पूजन एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके बाद ब्राह्मणी माता मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सजे-धजे रथ, धार्मिक झांकियां, ढोल-नगाड़े और डीजे पर बज रहे भक्ति गीत श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और भगवान गणेश के जयकारों से गांव की गलियां गूंज उठीं।
शोभायात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नृत्य कर रहे थे, जिससे पूरा क्षेत्र धार्मिक उल्लास से सराबोर दिखाई दिया। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया।
शोभायात्रा के समापन पर महाआरती का आयोजन किया गया तथा भगवान श्री गणेशजी महाराज को विधिवत भोग अर्पित किया गया। इसके बाद विशाल महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों, मंदिर समिति, युवा मंडल एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों का विशेष सहयोग रहा।




