बारां में 51वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता, क्वार्टर फाइनल मुकाबले आज
जिला बास्केटबॉल संघ बारां के तत्वावधान में 51वीं सब जूनियर राज्य स्तरीय बालक एवं बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 12 जून से 14 जून तक बारां में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न जिलों की कुल 47 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 22 बालिका एवं 25 बालक वर्ग की टीमें शामिल हैं।
प्रतियोगिता आयोजन अध्यक्ष कोशल किशोर, जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष हरिओम प्रजापति, सचिव अदील पठान तथा धर्मेंद्र सुमन के नेतृत्व में प्रतियोगिता का सफल संचालन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न जिलों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
बालिका वर्ग में भीलवाड़ा ने अलवर को हराकर जीत दर्ज की, जबकि जयपुर ने बाड़मेर को पराजित किया। बीकानेर और सीकर के मुकाबले में सीकर विजेता रहा, वहीं उदयपुर ने करौली को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
बालक वर्ग में नागौर ने झालावाड़ को हराया, जबकि जयपुर ने भीलवाड़ा को मात दी। बाड़मेर ने उदयपुर को हराकर जीत दर्ज की। अलवर ने झालावाड़ को पराजित किया, जबकि सीकर ने बीकानेर को हराया। हनुमानगढ़ और जयपुर एकेडमी के मुकाबले में जयपुर एकेडमी विजेता रही। वहीं श्रीगंगानगर और बारां के बीच हुए मुकाबले में बारां ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
मेजबान बारां टीम ने अपने पहले मैच में सिरोही को हराया। इसके बाद श्रीगंगानगर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बारां ने 45-10 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले सायंकालीन सत्र में दूधिया रोशनी के बीच डोलमेला ग्राउंड और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मांगरोल मैदान पर आयोजित किए जाएंगे, जिनका खेल प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य धर्मेंद्र सुमन, नगेंद्र सिंह, अमित मुकाती, आफताब खान, सरफराज, कार्तिक, मनीष, दिलनवाज पठान, देवेंद्र मेहरा, लक्ष्य नागर, मुकेश मेहरा, आयशा पठान, माही पठान, रेहाना और सुशांत सहित कई खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।




