क्षेत्र के ग्राम बांसेडा में श्री लक्ष्मीनाथ जी भगवान के नव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। समस्त ग्रामवासियों की ओर से महामंडलेश्वर श्री रामप्रियदास जी महाराज श्रीरामघाट शिवालय नगर खालसा रामघाट बनास तट चूली के सान्निध्य में तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुआ।
बुधवार को सुबह 251 महिलाओं ने गांव के मुख्य मार्गों से होकर भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कलश यात्रा के साथ महिलाएं नाचती हुई व मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं। युवक भगवान लक्ष्मीनाथ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
ग्रामीणों ने बताया कि भगवान श्री लक्ष्मीनाथ जी की असीम कृपा से गांव में नव मंदिर निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं पूर्णाहुति कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया है।
महामंडलेश्वर श्री रामप्रियदास जी महाराज श्रीरामघाट शिवालय नगर खालसा रामघाट बनास तट चूली के सान्निध्य में एवं यज्ञाचार्य पंडित प्रहलाद राय शास्त्री जयपुर वाले धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन कर रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार मंगलवार 12 मई को ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बुधवार को प्रातः पूजन, हवन, शांति पाठ, कलश यात्रा, अधिवासन एवं महास्नान आरती और हरि कीर्तन का आयोजन धूमधाम से सम्पन्न हुआ।
गुरुवार 14 मई को प्रातः 6:15 बजे रामधुनी नगर परिक्रमा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 12:15 बजे यज्ञ पूर्णाहुति, कलश एवं मूर्ति स्थापना कार्यक्रम संपन्न होगा। वहीं दोपहर 1 बजे से महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है।
ग्रामीणों ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी बंधुओं, श्रद्धालुओं एवं आमजन से कार्यक्रम में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने के लिए गांव के युवाओं एवं महिलाओं की अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं, जो व्यवस्थाओं में जुटी हुई हैं।




