युवक ने सड़क निर्माण को लेकर नेता से मांगा पुराने वादों का हिसाब
वोट मांगने आए नेता... लेकिन जनता ने ऐसा हिसाब मांगा कि चुनावी माहौल में मच गया बवाल! 'काम नहीं, तो वोट नहीं' की गूंज वाला यह वीडियो अब पूरे बिहार में चर्चा का विषय बन गया है।"
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। चुनाव प्रचार के दौरान वोट मांगने पहुंचे बीजेपी नेता को एक युवक ने पुराने वादों को लेकर घेर लिया और सीधे सवाल पूछ दिए। देखते ही देखते यह मामला बहस और विवाद में बदल गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक युवक बीजेपी नेता से अपने इलाके की समस्याओं को लेकर नाराजगी जाहिर करता दिखाई दे रहा है। युवक का कहना है कि साल 2019 से अब तक उसके इलाके की गली की सड़क नहीं बनी है। उसने नेता से कहा, "काम कीजिए तो वोट मिलेगा, नहीं तो वोट नहीं मिलेगा। चुनाव के समय सभी नेता चेहरा चमकाने आ जाते हैं, लेकिन जनता की परेशानियों पर ध्यान नहीं देते।"
युवक के सवालों के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच बहस शुरू हो जाती है। युवक लगातार विकास कार्यों को लेकर सवाल उठाता है, वहीं नेता उसकी बातों पर नाराज होते नजर आते हैं। वीडियो में दोनों के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि मामला इतना बढ़ गया कि नेता ने युवक को धक्का भी दिया। हालांकि, वीडियो की पूरी सत्यता और घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे जनता की नाराजगी बता रहे हैं तो कुछ इसे चुनावी माहौल में हुई एक घटना के तौर पर देख रहे हैं।
इस पूरे मामले को बिहार की राजनीति में भी जगह मिल गई है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि अब जनता नेताओं से काम का हिसाब मांग रही है और सरकार के प्रतिनिधियों को जवाब देना पड़ रहा है।




