बंजारा समाज को सत्ता और संगठन में उचित भागीदारी देने की मांग
अखिल भारतीय बंजारा सेवा संघ राजस्थान युवा प्रदेश अध्यक्ष सूरजपाल बड़त्या ने नई दिल्ली स्थित बिहार निवास में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय पासवान से मुलाकात कर बंजारा समाज की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थानी साफा पहनाकर डॉ. पासवान का स्वागत एवं सम्मान भी किया।
सूरजपाल बड़त्या ने कहा कि बंजारा समाज अपने वास्तविक हक और अधिकारों के लिए आज भी संघर्ष कर रहा है, जबकि राजस्थान में बंजारा समाज भाजपा के साथ मजबूती से जुड़ा हुआ है और पार्टी में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि समाज सदैव भाजपा समर्थक रहा है और अब समय आ गया है कि बंजारा समाज को सत्ता और संगठन में समान भागीदारी का अवसर प्रदान किया जाए।
उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू कल्याण बोर्ड के गठन का प्रस्ताव है। ऐसे में बोर्ड के अध्यक्ष पद पर पहला अधिकार बंजारा समाज का होना चाहिए। बड़त्या ने कहा कि राजस्थान में बंजारा समाज की आबादी लगभग 22 लाख है, लेकिन इसके बावजूद आज तक इस महत्वपूर्ण पद पर समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिला है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भाजपा सरकार बंजारा समाज को उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व प्रदान करेगी। बंजारा समाज की ओर से भाजपा नेतृत्व से सत्ता और संगठन दोनों स्तरों पर भागीदारी बढ़ाने की मांग की गई है।
इस दौरान डॉ. संजय पासवान ने बंजारा समाज की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे इस विषय को जल्द ही भाजपा आलाकमान के समक्ष रखेंगे। साथ ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी चर्चा कर समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने का प्रयास करेंगे।
बंजारा समाज के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और समाज को राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्तर पर उचित स्थान मिलेगा।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




