रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, 12 सहरिया परिवारों को आवंटित की भूमि
बारां जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा की अध्यक्षता में गुरुवार शाम ग्राम पंचायत बमोरीकलां में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई कर उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर 12 सहरिया परिवारों को आवासीय उपयोग के लिए 6 बीघा भूमि आवंटित किए जाने की महत्वपूर्ण घोषणा की गई।
रात्रि चौपाल में मांगरोल उपखंड अधिकारी सौरभ भंबू, नायब तहसीलदार, पंचायत समिति विकास अधिकारी सुरेश गोदारा, थाना अधिकारी विनोद कुमार मीणा तथा ग्राम पंचायत सरपंच मलखान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम से पूर्व वंदे गंगा जल अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत की चारागाह भूमि पर वृक्षारोपण के लिए गड्ढे खुदवाए गए। इसके बाद सभी अधिकारी रात्रि चौपाल स्थल पहुंचे, जहां मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को एक-एक कर सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, विभागीय कार्यों एवं सरकारी गतिविधियों का निरीक्षण भी किया गया।
रात्रि चौपाल में कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल समस्या, रास्ता खुलवाने, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन शामिल रहे। जिला प्रशासन द्वारा इन समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान बमोरीकलां स्थित श्योपुर रोड पर 12 सहरिया परिवारों को रहने के लिए लगभग एक हेक्टेयर (करीब 6 बीघा) भूमि आवंटित की गई, जिससे इन परिवारों को स्थायी आवास की दिशा में बड़ी राहत मिलेगी।
रात्रि चौपाल में उपखंड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन द्वारा गांव में पहुंचकर समस्याएं सुनने और समाधान की पहल की सराहना की।




