बकानी कस्बे में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी पिछले 13 दिनों से हड़ताल पर हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि उनका वेतन समय पर भुगतान किया जाए और राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा की जाए। उनका कहना है कि पूर्व में स्थानीय ग्राम पंचायत और प्रशासन के बीच इस संबंध में समझौता हुआ था, लेकिन उस पर अब तक अमल नहीं किया गया।
हड़ताल के चलते कस्बे में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। गलियों और मोहल्लों में गंदगी फैल गई है, जिससे दुर्गंध की समस्या गंभीर हो गई है। घरों से निकलने वाला कचरा भी फेंकने के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों के घरों में ही जमा हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कचरा वाहन भी नहीं चल रहे हैं, जिससे स्थिति और खराब हो गई है। लोग गंदगी और बदबू से परेशान हैं और बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।
सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन उनकी सुनवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने बताया कि विकास अधिकारी पंचायत समिति बकानी से वार्ता के लिए संपर्क किया गया, लेकिन फोन तक रिसीव नहीं किया गया।
हड़ताल जारी रहने से कस्बे की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और आमजन प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।
Instagram:




