शनिवार को बकानी कड़वे में लगने वाले साप्ताहिक हाट के दौरान प्रशासनिक अनदेखी के चलते भारी वाहनों की आवाजाही से मुख्य सड़क मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान दोपहिया, मिनी वाहन चालकों, दुकानदारों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मुख्य सड़क पर करीब 20 मिनट तक लगे जाम के कारण झालावाड़ जिला चिकित्सालय से मरीज को छोड़कर लौट रही 108 एम्बुलेंस भी सड़क पर ही फंसी रही। राहत की बात यह रही कि उस समय एम्बुलेंस में कोई मरीज नहीं था, अन्यथा स्थिति गंभीर हो सकती थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में बाईपास सड़क उपलब्ध होने के बावजूद भारी वाहन मुख्य बाजार मार्ग से ही गुजरते हैं। बाईपास पर भारी वाहनों के प्रवेश निषेध का बोर्ड लगा होने के बावजूद वहां प्रशासनिक निगरानी नहीं होने से नियमों की अनदेखी हो रही है।
नगरवासियों ने बताया कि बाईपास सड़क हाईवे से जुड़ी होने के बावजूद कृषि उपज मंडी से आने वाले भारी वाहनों को वहां तक पहुंचने में कठिनाई होती है, जिसके चलते वे कस्बे के मुख्य मार्ग का उपयोग करते हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाईपास मार्ग पर सख्ती से नियम लागू किए जाएं, ताकि साप्ताहिक हाट के दौरान जाम की समस्या से राहत मिल सके और भविष्य में एम्बुलेंस जैसी आपात सेवाओं को बाधा न पहुंचे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।
Instagram:




