कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कोटा-भोपाल मेगा हाईवे मार्ग स्थित पुरानी आईटीआई भवन परिसर में अब नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जिला कलेक्टर द्वारा भूमि आवंटित कर दी गई है।
यह निर्णय लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई जा रही मांग के बाद लिया गया है। वर्तमान में बकानी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कस्बे के बीच स्थित है, जहां सीमित स्थान और बढ़ती मरीज संख्या के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
नए भवन के निर्माण की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों और आमजन ने कई बार आवाज उठाई थी। हाल ही में झालावाड़ लोकसभा सांसद दुष्यंत सिंह की जनसंवाद यात्रा के दौरान भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद प्रशासन ने इस पर सकारात्मक कदम उठाया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश लोढ़ा ने इस भूमि आवंटन को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने इस पहल के लिए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह और पूर्व विधायक नरेंद्र नागर का आभार जताया।
मेगा हाईवे के समीप अस्पताल बनने से मरीजों को पहुंचने में सुविधा मिलेगी और कस्बे के अंदर ट्रैफिक समस्या से भी राहत मिलेगी। आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस की आवाजाही भी सुगम होगी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा, जिससे पूरे ग्रामीण क्षेत्र को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
भूमि आवंटन के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है और सभी को उम्मीद है कि जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल भवन का निर्माण शुरू होगा।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




