बागोड़ा उपखंड क्षेत्र के नवापुरा गांव में प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 3 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट शुरू कर दिया गया है। यह प्लांट नवापुरा के 33/11 केवी सब स्टेशन से सीधे जोड़ा गया है, जिससे क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं और किसानों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
आंजणा रिन्यूएबल एनर्जी ने किया स्थापना कार्य
यह सोलर प्लांट आंजणा रिन्यूएबल एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किया गया है। प्लांट ओखाराम चौधरी के खेत में लगाया गया है, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों का भी सहयोग रहा।
अधिकारियों के अनुसार, प्लांट शुरू होने से 132 केवी जीएसएस पर दिन के समय लोड कम होगा और क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या में सुधार आएगा।
रोज 45 से 60 हजार यूनिट बिजली उत्पादन
विभागीय जानकारी के मुताबिक प्रति मेगावाट प्लांट से प्रतिदिन लगभग 15 से 20 हजार यूनिट बिजली का उत्पादन होता है। इस हिसाब से 3 मेगावाट प्लांट से रोजाना करीब 45 से 60 हजार यूनिट बिजली का उत्पादन होगा।
यह बिजली सीधे गांव के जीएसएस को मिलेगी और वहां से 11 केवी लाइन के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए सप्लाई दी जाएगी।
किसानों को मिलेगा बड़ा फायदा
पहले बार-बार शटडाउन और बिजली कटौती के कारण उत्पादन प्रभावित होता था। अब प्लांट को 24 घंटे बिजली सप्लाई देने की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लाइन फॉल्ट जैसी स्थिति को छोड़कर अनावश्यक कटौती नहीं की जाएगी।
ऊर्जा विभाग का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे सोलर प्लांट किसानों को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




