अविकानगर में 17 महिलाओं के कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
टोंक जिले के मालपुरा स्थित केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान (अविकानगर) में अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत 17 चयनित महिला प्रशिक्षणार्थियों के लिए एक माह के कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 17 जून से 28 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक डॉ. अरुण कुमार तोमर की अध्यक्षता में गेस्ट हाउस मीटिंग रूम में हुआ।
इस प्रशिक्षण में टोंक जिले की मालपुरा एवं पीपलू तहसील की अनुसूचित जाति वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों (बीपीएल, अंत्योदय, विधवा सहित अन्य पात्र वर्ग) की 17 महिलाओं का चयन किया गया है। प्रतिभागी महिलाएं सोडा-बावड़ी, सोडा, टोरडी, देशमी, मालपुरा तथा पीपलू तहसील के प्यावड़ी सहित विभिन्न गांवों से शामिल हुई हैं।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को ऊन, ऊनी वस्त्र, ऊनी रजाई तथा कपड़ों से परिधान निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
निदेशक डॉ. अरुण कुमार तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान कई वर्षों से महिलाओं के कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर रहा है। उन्होंने महिलाओं को स्वयं सहायता समूह (Self Help Group) बनाकर सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संस्थान ऐसे समूहों को व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक तकनीकी, आर्थिक एवं अन्य सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
एसीएसपी सेल के नोडल अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने प्रशिक्षण की रूपरेखा की जानकारी देते हुए सभी प्रशिक्षणार्थियों का परिचय कराया तथा प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार शुरू करने वाली महिलाओं को संस्थान की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में सभी लाभार्थियों से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर अपने कौशल का विकास करने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर एसीएसपी सेल के सभी सदस्य उपस्थित रहे।




