भाकृअनुप- केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान, अविकानगर मालपुरा द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) नई दिल्ली के महानिदेशक एवं सचिव डॉ. मांगीलाल जाट के मार्गदर्शन में राजस्थान के विभिन्न जिलों में किसानों के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत वैज्ञानिकों एवं राज्य कर्मचारियों द्वारा गांव-गांव जाकर चौपाल आयोजित की जाएंगी, जिनमें किसानों को रासायनिक खाद का संतुलित उपयोग, गुणवत्तापूर्ण बीज, आवश्यकता अनुसार सिंचाई एवं संतुलित पशु आहार के बारे में जानकारी दी जाएगी।
“मेरा गांव मेरा गौरव” कार्यक्रम के अंतर्गत किसान-वैज्ञानिक संवाद के माध्यम से खेती एवं पशुपालन में लागत कम कर अधिकतम उत्पादन प्राप्त करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
डॉ. मांगीलाल जाट ने बताया कि भविष्य में रासायनिक खाद के उपयोग को 25 प्रतिशत तक कम कर उसकी जगह देसी खाद जैसे गोबर खाद एवं ग्रीन मैन्योरिंग को बढ़ावा देना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
निदेशक डॉ. अरुण कुमार तोमर ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरे देश में जागरूकता अभियान के रूप में चलाया जाएगा, जिसमें किसानों को खेती और पशुपालन में सही समय एवं मात्रा में इनपुट्स के उपयोग की जानकारी दी जाएगी।
संस्थान द्वारा वैज्ञानिकों एवं तकनीकी कर्मचारियों की सात टीमें बनाकर उन्हें विभिन्न गांवों में भेजा जाएगा। इस अभियान के तहत 40 से अधिक गांवों के किसानों को प्रशिक्षण, संवाद, कार्यशाला एवं पशु स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा।
इसके साथ ही किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड का नियमित उपयोग करने और उसके अनुसार देसी खाद अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही नवीनतम कृषि तकनीकों के उपयोग एवं उपलब्धता पर भी विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




