मुख्य सचिव के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को पंचायत समिति खण्डार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में उपखण्ड स्तरीय अटल जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया।
माह के द्वितीय गुरुवार को आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 50 परिवाद प्राप्त हुए। इनमें सरकारी कांटे पर तुलाई में अनियमितता, राजकीय विद्यालय से अतिक्रमण हटाने, आम रास्तों में जलभराव व कीचड़ की समस्या, लाडो योजना की किश्त, नामांतरण, जल निकासी, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं।
जिला कलक्टर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
शिविर के दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर आमजन में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत किया गया। ग्राम बाणपुर के नयन गुर्जर द्वारा जल जीवन मिशन की खराब मोटर की शिकायत पर पीएचईडी अधिकारियों को निर्देश देते हुए एक ही दिन में मोटर ठीक कराने के आदेश दिए गए। कलक्टर ने परिवादी को स्वयं अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध करवाया और समाधान की पुष्टि फोन के माध्यम से देने की बात कही।
गोठड़ा निवासी मदरूप सहित अन्य परिवादियों द्वारा एफसीआई कांटे पर तुलाई में गड़बड़ी की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को बुलाकर जांच के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रति जनाधार खातेदारों का रजिस्ट्रेशन कर जमाबंदी अनुसार प्रति बीघा 10 क्विंटल गेहूं की तुलाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जयसिंहपुरा निवासी बंशीलाल की राशन न मिलने की शिकायत पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को 3 दिन में राशन कार्ड सक्रिय कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। वहीं मुकुन्दपुरा के जगराम बैरवा की किसान सम्मान निधि संबंधी समस्या के समाधान हेतु बैंक और तहसील स्तर पर तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए गए।
जिला कलक्टर ने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करने तथा समस्याओं के स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




