अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ, जम्मू से रवाना हुआ पहला जत्था; चारधाम में भी बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए अमरनाथ यात्रा का पहला जत्था गुरुवार तड़के जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुआ। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं की बसों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया। श्रद्धालु 'बम-बम भोले' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष के साथ पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए।
केवल पंजीकृत श्रद्धालुओं को मिली अनुमति
प्रशासन ने पहले जत्थे में केवल उन्हीं श्रद्धालुओं को शामिल किया, जिन्होंने पहले से ऑनलाइन या ऑफलाइन पंजीकरण कराया था। यात्रा में शामिल होने के लिए RFID कार्ड और ई-केवाईसी अनिवार्य रखा गया है।
इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त (रक्षाबंधन) तक चलेगी। श्रद्धालु पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकेंगे।
चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने कराया पंजीकरण
प्रशासन के अनुसार, इस बार अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक करीब चार लाख श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, बिजली, पानी और आवास सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से पूरी कर ली गई हैं।
यात्रा शुरू होने से पहले उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बेस कैंप पहुंचकर सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।
सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर
अमरनाथ यात्रा को देखते हुए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग समेत संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सेना, सीआरपीएफ और पुलिस के जवान लगातार वाहन जांच और गश्त कर रहे हैं।
जम्मू में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) भी शुरू किया गया है, जहां से पूरी यात्रा की निगरानी की जा रही है।




