पूर्व चेयरमैन के मामा थे मृतक दिनेश चंद अग्रवाल
राजस्थान के अलवर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शहर के खदाना मोहल्ले में 80 वर्षीय बुजुर्ग दिनेश चंद अग्रवाल की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बुजुर्ग के हाथ, पैर और मुंह बांध दिए। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, दिनेश चंद अग्रवाल अपने घर में अकेले रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मृतक दिनेश चंद अग्रवाल नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन अजय अग्रवाल के सगे मामा थे। वहीं, वे पूर्व CMHO डॉ. सुबोध अग्रवाल के चचेरे भाई भी बताए जा रहे हैं। परिवार के अनुसार उनके एक बेटा और तीन बेटियां हैं, जबकि बेटा अलग परिवार के साथ रहता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।




