कहते हैं कि विपत्ति के समय ही सच्चे मित्र की पहचान होती है। अकलेरा क्षेत्र के युवाओं ने इस कहावत को सच साबित कर दिया और दोस्ती की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की।
दरअसल, इसी माह की 3 तारीख को अकलेरा क्षेत्र के ग्राम अमृतखेड़ी निवासी गोविंद सिंह का गंभीर सड़क हादसा हो गया था। हादसे के बाद उन्हें अकलेरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी सर्जरी करनी पड़ी। फिलहाल गोविंद सिंह कोमा में हैं और उनका इलाज जारी है।
सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश कारपेंटर ने बताया कि गोविंद सिंह के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। ऐसे में इलाज का भारी खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था। यह देखकर उनके दोस्तों ने आगे आकर मदद का फैसला किया।
दोस्तों ने फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए क्राउडफंडिंग अभियान शुरू किया। सोशल मीडिया पर लोगों से मदद की अपील की गई। देखते ही देखते हजारों लोगों ने इस पहल का समर्थन किया और मदद के लिए हाथ बढ़ाए।
इस मुहिम का असर यह हुआ कि केवल दो दिनों के भीतर ही करीब 2.62 लाख रुपये की बड़ी राशि इकट्ठी हो गई। यह राशि न केवल आर्थिक सहायता है, बल्कि गोविंद सिंह के लिए नई जिंदगी की उम्मीद भी बन गई है।
अकलेरा क्षेत्र में युवाओं की इस पहल की हर जगह सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि यह घटना मानवता और सच्ची दोस्ती की एक बड़ी मिसाल बनकर सामने आई है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।
Instagram:




