टेलर की 15 हजार रुपये महीने की कमाई, फिर 975 करोड़ का आयकर नोटिस
अजमेर जिले के गोविंदगढ़ में टेलरिंग का काम करने वाले 62 वर्षीय रेखराज ठाड़ा उस समय हैरान रह गए, जब उन्हें आयकर विभाग की ओर से करीब 975 करोड़ रुपये की टैक्स रिकवरी का नोटिस मिला। 13 अगस्त 2026 को सूरत, गुजरात से पहुंचे इस नोटिस में रेखराज को भारी-भरकम टैक्स बकाया चुकाने और स्पष्टीकरण देने के लिए कहा गया है।
रेखराज के मुताबिक, वह टेलरिंग का काम करते हैं और उनकी मासिक आय करीब 15 हजार रुपये है। उनका दावा है कि उन्होंने कभी कोई कंपनी नहीं चलाई और न ही वह गुजरात गए हैं। ऐसे में उनके नाम पर करोड़ों रुपये की टैक्स देनदारी सामने आने से परिवार की चिंता बढ़ गई है।
सूरत की डायमंड कंपनी में डायरेक्टर बताए गए
आयकर विभाग से मिले नोटिस के अनुसार, रेखराज ठाड़ा को सूरत की रूप रजत डायमंड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर बताया गया है। उनके नाम पर 974 करोड़ 97 लाख 25 हजार 457 रुपये की टैक्स रिकवरी निकाली गई है।
रेखराज का कहना है कि उन्हें इस कंपनी के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने न तो कंपनी का संचालन किया और न ही कभी गुजरात जाकर किसी कारोबारी गतिविधि में हिस्सा लिया।
दूसरी कंपनी में भी सामने आया नाम
नोटिस मिलने के बाद परिवार ने एक परिचित सीए की मदद से दस्तावेजों और रिकॉर्ड की पड़ताल कराई। इस दौरान रेखराज का नाम सूरत की एक अन्य कंपनी जय बाबेरी डायम प्राइवेट लिमिटेड में भी डायरेक्टर के तौर पर सामने आने की बात कही गई।
रेखराज का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने उनके PAN कार्ड का दुरुपयोग किया और उनकी जानकारी के बिना उन्हें कंपनियों में डायरेक्टर बना दिया।
2011 से कंपनी चलने का दावा, लेकिन रेखराज को जानकारी नहीं
रेखराज के अनुसार, रिकॉर्ड में रूप रजत डायमंड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का संचालन वर्ष 2011 से बताया गया है। हालांकि, उनका कहना है कि उन्हें इस कंपनी के बारे में कभी कोई जानकारी नहीं थी और आयकर विभाग का नोटिस मिलने के बाद ही उन्हें अपने नाम के इस्तेमाल का पता चला।
उन्होंने कहा कि वह साधारण टेलर हैं और उनकी इतनी आय नहीं है कि उनके नाम पर करोड़ों रुपये का कारोबार हो सके।
पुलिस और अधिकारियों से की शिकायत
मामले की जानकारी मिलने के बाद रेखराज ने पीसांगन थाने में शिकायत दी। हालांकि, पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज करने के बजाय परिवाद लिया। इसके बाद रेखराज अजमेर एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले की जानकारी दी।
उन्होंने एडिशनल एसपी ग्रामीण



