Phuket-दिल्ली फ्लाइट में घटना के बाद Air India का बड़ा कदम
विमान में अचानक 300 फीट की गिरावट और पायलट के ड्रग टेस्ट में marijuana की पुष्टि के बाद Air India ने पायलटों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने 13 अगस्त 2026 से अपने सभी पायलटों की अनिवार्य ड्रग स्क्रीनिंग शुरू करने का निर्णय लिया है। कंपनी का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे को देखते हुए सिर्फ सरकारी नियमों का पालन करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि एयरलाइन अपने स्तर पर भी सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगी।
यह फैसला Phuket से दिल्ली आ रही Air India की फ्लाइट AI2379 में हुई घटना के बाद लिया गया है। पिछले सप्ताह उड़ान के दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे चला गया था। अचानक हुई इस गिरावट से विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई थी। घटना में चार क्रू सदस्यों समेत कुल 24 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
शुरुआत में एयरलाइन की ओर से बताया गया था कि विमान के अचानक नीचे जाने की वजह turbulence यानी हवा में तेज हलचल थी। लेकिन बाद में जांच के दौरान फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड का ड्रग टेस्ट कराया गया। दोबारा किए गए टेस्ट में उसके शरीर में marijuana के इस्तेमाल की पुष्टि होने की बात सामने आई।
अब हर पायलट की होगी स्क्रीनिंग
इस रिपोर्ट के बाद विमान की सुरक्षा और पायलटों द्वारा प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठने लगे। इसी के बाद Air India ने अपने पूरे पायलट ग्रुप की ड्रग स्क्रीनिंग कराने का फैसला किया है।
एयरलाइन के मुताबिक, जांच में उन नशीले पदार्थों और दवाओं की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिनका इस्तेमाल मौजूदा विमानन नियमों के तहत प्रतिबंधित है। यह जांच अलग-अलग जगहों पर की जा सकती है। पायलटों की स्क्रीनिंग गुरुग्राम स्थित Air India Academy में ट्रेनिंग के दौरान, उड़ान के बाद Flight Briefing Centres, Air India के कार्यालयों या संबंधित बेस पर भी की जा सकती है।




