कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की संभावनाओं पर होगा एआई-समिट 2026
श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के सहयोग से गुरुवार 12 मार्च 2026 को जयपुर के महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम, राजस्थान कृषि अनुसंधान केंद्र, दुर्गापुरा में एआई-समिट 2026 का आयोजन किया जाएगा।
यह सम्मेलन अरावली एंटरप्रेन्योरशिप फाउंडेशन, उदयपुर तथा एजेंटिक फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में कृषि और शिक्षा क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग, नवाचार और उद्यमिता की संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम में राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। वहीं मंजु राजपाल, प्रमुख शासन सचिव (कृषि), राजस्थान सरकार विशिष्ट अतिथि के रूप में अपने विचार रखेंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के कुलगुरु प्रो. डॉ. पुष्पेंद्र सिंह चौहान करेंगे, जबकि स्वागत भाषण अरावली एंटरप्रेन्योरशिप फाउंडेशन के चेयरमैन दिलीप कुमार भारती द्वारा दिया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डॉ. सुरेंद्र सिंह (निदेशक, रारी दुर्गापुरा) और डॉ. उपेंद्र सिंह ने बताया कि सम्मेलन में विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थानों के लगभग 200 प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र में एआई आधारित नवाचार, तकनीकी उपयोग और उद्यमिता विकास पर विशेष चर्चा की जाएगी।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए




