Categories लोड हो रही हैं...

नौकरी का झांसा देकर युवक को अफ्रीका में बनाया बंधक

मकराना के युवक को विदेश नौकरी का लालच देकर अफ्रीका भेजा गया। बंधक बनाकर परिवार से 25 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगा।

लक्ष्मण सिंह मैढ़13 May 2026
नौकरी का झांसा देकर युवक को अफ्रीका में बनाया बंधक

बोरावड़ के एक युवक की विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का लालच देकर अफ्रीका भेजने, वहां बंधक बनाकर प्रताड़ित करने तथा परिवार से 25 लाख रुपये वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मकराना ने इस्तगासे पर सुनवाई करते हुए मकराना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर जांच करने के आदेश दिए हैं।

बोरावड़ निवासी निवर्तमान पार्षद सुनील सोनी पुत्र घनश्याम सोनी ने एडवोकेट अनिल कुमार सोनी के जरिए न्यायालय में पेश इस्तगासे में आरोप लगाया कि उसके भांजे दीपक सोनी पुत्र स्व. हरीश सोनी को अजमेर के स्टार लाइट टूर एंड ट्रेवल्स के मालिक आरोपी विजय राकानी ने विदेश में अधिक वेतन वाली नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया। आरोप है कि दीपक को अफ्रीका के डीआरसी (किनशासा) स्थित एक कंपनी में भेजने के नाम पर करीब एक लाख रुपये भी लिए गए।

इसके बाद 6 मार्च 2026 को दीपक को विदेश भेज दिया गया। परिवाद में आरोप लगाया गया कि विदेश पहुंचने के बाद आरोपीगण ने दीपक को एक कमरे में बंधक बना लिया। उसके साथ लगातार मारपीट की गई, खाना तक नहीं दिया गया और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

आरोप है कि दीपक से जबरन खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए गए तथा उसका आईफोन भी छीन लिया गया। किसी तरह मौका मिलने पर दीपक ने 22 मार्च को मकराना पुलिस को ऑनलाइन शिकायत भेजी।

शिकायत के बाद आरोपी विजय राकानी बोरावड़ आया और पीड़ित परिवार को कथित रूप से धमकाते हुए कहा कि दीपक को वहां बंधक बना लिया गया है तथा आरोपी बेहद खतरनाक और प्रभावशाली लोग हैं।

सुनील सोनी ने आरोप लगाया कि दीपक को जिंदा छुड़ाने के बदले 25 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई तथा पुलिस में कार्रवाई करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने फोन कॉल के जरिए भी परिवार को डराया-धमकाया।

परिवादी ने न्यायालय को बताया कि भय और बेटे की जान बचाने की मजबूरी में दीपक की मां ने जेवर और स्त्रीधन तक बेच दिए। आरोप है कि पहले तीन लाख रुपये आरोपी के खाते में जमा करवाए गए और बाद में 4 अप्रैल को परिवादी सुनील सोनी अपने परिजनों के साथ अजमेर पहुंचे, जहां आरोपियों को 21 लाख रुपये नकद दिए गए।

परिवादी ने दावा किया कि पूरी घटना का वीडियो उसके मोबाइल में सुरक्षित है। इस्तगासे में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने प्रार्थी की भांजी से जबरन तीन खाली चेकों पर हस्ताक्षर करवाकर रख लिए।

आरोप है कि फिरौती की राशि मिलने के बाद दीपक को छोड़ा गया और वह 6 अप्रैल को बोरावड़ लौट आया। घर पहुंचने पर दीपक ने अपने साथ हुई पूरी घटना परिवार को बताई।

News Detail Ad 1
Ad1
Ad2
News Detail Ad 1
Ad1
Ad2

परिवादी के अनुसार 7 अप्रैल को मकराना थाने में रिपोर्ट देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 20 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक डीडवाना-कुचामन को भी शिकायत भेजी गई, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर न्यायालय में इस्तगासा पेश किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मकराना ने मकराना पुलिस को रिपोर्ट प्रेषित कर जांच कार्यवाही करने के आदेश दिए हैं।


सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें

राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।
Instagram: https://www.instagram.com/enewsrajasthan
Facebook: https://www.facebook.com/RajasthaneNews
YouTube (Subscribe): https://www.youtube.com/@eNewsBharat24
X (Twitter): https://x.com/eNewsRajasthan

यहां आपको मिलेंगे लाइव अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़, शॉर्ट वीडियो, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, मैच प्रीव्यू और रिव्यू। eNewsBharat के साथ जुड़े रहें देश-विदेश की बड़ी राजनीतिक घटनाएँ, जीएसटी फ्रॉड से जुड़ी अहम जानकारियाँ, स्पोर्ट्स और जनहित से जुड़ी हर ज़रूरी खबर — पल-पल की सटीक जानकारी के लिए eNewsBharat को लगातार विज़िट करते रहें। आपका भरोसा ही हमारी ताकत है। हम आगे भी आपको सबसे तेज़, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबरें पहुँचाते रहेंगे।

#Makrana #AfricaJobFraud #CrimeNews #ForeignJobScam #RajasthanNews #Borawad #PoliceInvestigation #Trending

नौकरी का झांसा देकर युवक को अफ्रीका में बनाया बंधक | eNews Bharat