सवाई माधोपुर में कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत बुधवार को बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय, आलनपुर में एक दिवसीय एफआईजी पशुपालक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग की अध्यक्षता में हुआ।
शिविर में डॉ. राजीव गर्ग ने पशुपालकों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, जिनमें मंगला पशु बीमा योजना, नस्ल सुधार कार्यक्रम (सेक्स सॉर्टेड सीमन), मोबाइल वेटरनरी यूनिट, पशुधन निःशुल्क आरोग्य योजना, उष्ट्र संरक्षण योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन और राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
परियोजना निदेशक (आत्मा) अमर सिंह ने अजोला घास के उपयोग से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की तकनीक समझाई। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ज्योति गुप्ता ने मौसमी बीमारियों से बचाव और नियमित टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं शिविर प्रभारी डॉ. रामसिंह मीणा ने संतुलित आहार, उन्नत पशुपालन तकनीकें और वैज्ञानिक प्रबंधन पर जानकारी दी।
शिविर के अंत में प्रतिभागी पशुपालकों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और उन्हें आधुनिक तकनीकों को अपनाकर पशुपालन को लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस तरह के प्रशिक्षण शिविर किसानों के आय स्रोत को मजबूत करने और पशुपालन में दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




