खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत 7 एसजेएम में 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। ग्रामीणों के सहयोग एवं गुरु डिफेंस एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में क्षेत्र के युवाओं ने जबरदस्त उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी ताकत, सहनशक्ति और जुनून का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का संचालन शारीरिक शिक्षक मूखविंदर सिंह खोसा द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के खेल आयोजन ग्रामीण युवाओं को सेना, पुलिस एवं अन्य सेवाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करते हैं। सुबह से ही मैदान में प्रतिभागियों और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरे गांव का माहौल खेल महोत्सव जैसा नजर आया।
कार्यक्रम में प्रधान गोपाल डागला, पूर्व सरपंच सुखचरण सिंह स्वामी, डॉ. केशव वधवा, बबलू शर्मा, एडवोकेट भरत भाटी, राजदीप सिंह खोसा, प्रिंसिपल कुलदीप बिश्नोई, उपप्राचार्य जाकिर हुसैन और जगदीश खुड़िया सहित कई गणमान्य नागरिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि डॉ. केशव वधवा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि खेल के दौरान यदि कोई खिलाड़ी चोटिल होता है तो उसका निःशुल्क उपचार लाइफ केयर मेडिकल 11 एसजेएम की ओर से किया जाएगा, जिसका उपस्थित युवाओं और ग्रामीणों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
प्रतियोगिता में अमृत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और उन्हें 1100 रुपये नकद व मेडल देकर सम्मानित किया गया। द्वितीय स्थान पर रहे सिकंदर को 800 रुपये व मेडल तथा तृतीय स्थान पर रहे जसवंत को 500 रुपये व मेडल प्रदान किए गए। विजेताओं के चेहरों पर खुशी और दर्शकों में उत्साह साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम के दौरान गुरप्रीत सिंह, दिलीप कुमार, संजय, राजू, बबलू जाट, योगेश और अनिल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत 7 एसजेएम में आयोजित यह दौड़ प्रतियोगिता खेल भावना, अनुशासन और युवाओं के उत्साह का प्रतीक बनकर उभरी तथा यह संदेश दे गई कि ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच मिले तो वे किसी से कम नहीं हैं।




