कोटा, संवाददाता : तेजपाल सिंह बग्गा
दिल्ली के लाल किला क्षेत्र के पास हुए धमाके के बाद राजस्थान पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है। सुरक्षा को देखते हुए कोटा शहर पुलिस, जीआरपी (Government Railway Police) और आरपीएफ (Railway Protection Force) ने संयुक्त रूप से सोमवार रात से लेकर आधी रात 12 बजे तक व्यापक सर्च और चेकिंग अभियान चलाया।अभियान के तहत कोटा रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म, गाड़ियों, स्टेशन परिसर और गोदाम क्षेत्र की डॉग स्क्वाड की मदद से गहन जांच की गई।पुलिस टीमों ने संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों की जांच करते हुए यात्रियों से पूछताछ की।किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
संवेदनशील इलाकों और होटलों की भी तलाशी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी ने बताया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन के आसपास के होटल, धर्मशालाओं और लॉज की भी जांच की गई।उन्होंने कहा कि शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में चेकिंग बढ़ाई गई है, और पुलिस की टीमें सादा वर्दी में भी तैनात की गई हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
रातभर जारी रहा अलर्ट और निगरानी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान रातभर जारी रहा और कई इलाकों में पैदल गश्त के साथ नाकाबंदी भी की गई।पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित करेंसाथ ही, रेलवे प्रशासन को भी यात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का संदेश: “सावधानी ही सुरक्षा है”
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सैनी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह एक नियमित एहतियाती कदम है।उन्होंने कहा —“दिल्ली की घटना के बाद पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। कोटा में पुलिस की सभी टीमें चौकस हैं और हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही है।”
#DelhiBlast #KotaPolice #SecurityAlert #RailwayStationCheck #GRP #RPF #DogSquad #SafetyFirst





