फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर दिवंगत अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री देने की अपील की है।
संगठन ने अपने पत्र में लिखा—
“हम हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री से अनुरोध करते हैं कि दिवंगत सतीश शाह को पद्मश्री सम्मान दिया जाए। उन्होंने भारतीय सिनेमा और टेलीविजन को जो योगदान दिया, वह अतुलनीय है।”
FWICE ने कहा कि सतीश शाह जैसे कलाकार को सम्मान मिलना पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए गर्व की बात होगी।
FWICE ने कहा- उन्होंने करोड़ों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई
पत्र में आगे लिखा गया—
“सतीश शाह एक ऐसे कलाकार थे जिन्होंने अपनी एक्टिंग से करोड़ों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाई।
उनके शो ‘ये जो है जिंदगी’, ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’, और फिल्में ‘जाने भी दो यारों’, ‘मैं हूं ना’ आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं।”

FWICE भारतीय फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री का कर्मचारी संघ है।
2015 में बने थे FTII की सोसाइटी के सदस्य
सतीश शाह को 2015 में फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) की सोसाइटी का सदस्य भी बनाया गया था।
FWICE ने कहा कि पद्मश्री देना उनके जीवन और योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
संगठन ने लिखा—
“उनके जाने से हर किसी के दिल में खालीपन है।
उन्हें सम्मान देना सिर्फ एक कलाकार को नहीं, बल्कि उस इंसान को सम्मान देना होगा जिसने चार दशकों तक भारत को हंसाया।”
25 अक्टूबर को हुआ था निधन
74 वर्षीय सतीश शाह का 25 अक्टूबर को निधन हो गया था।
वे लंबे समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे।
26 अक्टूबर को मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
उनके परिवार और दोस्तों ने सोमवार को प्रेयर मीट आयोजित कर श्रद्धांजलि दी।





